
भटनी, देवरिया। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतना भटनी थाना क्षेत्र के कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार उपाध्याय को भारी पड़ गया। उनका ड्यूटी के दौरान सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। यह वीडियो राष्ट्रीय दैनिक अमर भारती में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई शुरू हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को चौकी पर कुर्सी पर बैठे-बैठे चौकी प्रभारी मनोज कुमार उपाध्याय नींद में झूमते नजर आए। उसी दौरान किसी व्यक्ति ने यह दृश्य अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में देखा गया कि कुछ फरियादी अपनी शिकायत लेकर चौकी पहुंचे थे, लेकिन चौकी इंचार्ज के सोते रहने के कारण उन्हें बिना सुने ही लौटना पड़ा।
खबर सामने आते ही मामला चर्चा का विषय बन गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाराज़गी जताई। अमर भारती में खबर प्रकाशित होने के बाद क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन (तेजतर्रार और सख्त प्रशासक के रूप में प्रसिद्ध) तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभाव से मनोज कुमार उपाध्याय को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि ड्यूटी के समय किसी भी अधिकारी या कर्मचारी से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस का प्रथम कर्तव्य है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आई तो कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने एसपी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि ऐसे कदमों से पुलिस विभाग की साख में सुधार आएगा। यह घटना प्रशासनिक सतर्कता और मीडिया की ताकत दोनों का सटीक उदाहरण बन गई है।