
भाटपार रानी, देवरिया। स्थानीय तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में इस बार कुल 46 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी देवरिया दिव्या मित्तल और उपजिलाधिकारी रत्नेश तिवारी की मौजूदगी में इनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 17 मामले अन्य विभागों से जुड़े रहे। इसके अलावा राजस्व विभाग के 12, पुलिस विभाग के 13 और विकास विभाग के 4 मामले सामने आए। गौरतलब है कि इस दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से कोई भी शिकायत दर्ज नहीं हुई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई और कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर एडीपीआरओ श्रवण कुमार, तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार सुशील तिवारी, सीओ चकबंदी गिरीश चौबे और राज बाबू शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा बीडीओ सलेमपुर राजेंद्र मिश्र, बीडीओ भाटपार रानी एसएन त्रिपाठी, बीडीओ बनकटा राजीव गुप्ता, एसडीओ विद्युत भाटपार रानी अभिषेक मौर्य, एसडीओ गजहड़वा राव साहब सहित पुलिस सर्किल के सभी थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कानूनगो अमरजीत सिंह, ध्रुव कुशवाहा, हिमांशु सिंह, गजेंद्र दीक्षित, राजेश यादव और सतीश चौबे समेत अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में सहयोग किया।