भुल्लन वर्मा बने जिलाध्यक्ष, भाजपाइयों में खुशी की लहर

मसौली/बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने कस्बा मसौली निवासी एवं सदस्य जिला पंचायत राम सिंह उर्फ़ भुल्लन वर्मा पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। पहली बार पार्टी ने कुर्मी समाज को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

प्रदेश कार्यालय से सूची जारी होते ही बधाई देने वालों का तांता लग गया। सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ सी आ गई और समर्थक उनके आवास पर पहुंचकर फूल मालाओं से स्वागत करते रहे। पैतृक गांव भूलीगंज सहित पार्टी कार्यालय पर भी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

वर्ष 1989 से भाजपा में सक्रिय रहे भुल्लन वर्मा ने 1990 में बूथ अध्यक्ष के रूप में संगठन कार्य की शुरुआत की। अपने लंबे राजनीतिक सफर में कई बार अन्य दलों ने उन्हें अपनी ओर करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने हमेशा भारतीय जनता पार्टी के प्रति निष्ठा बनाए रखी और हिंदुत्व की विचारधारा पर अडिग रहे।

पार्टी ने उनके समर्पण को देखते हुए 2010 में जिला उपाध्यक्ष, तथा 2020 में जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपीं। वर्तमान में वे जिला महामंत्री के साथ-साथ जिला पंचायत सदस्य भी हैं।

बीती रात प्रदेश नेतृत्व द्वारा जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद बाराबंकी जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। कस्बा मसौली और गांव भूलीगंज में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे और उन्होंने मुँह मीठा कराते हुए भुल्लन वर्मा का स्वागत किया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राम सिंह उर्फ़ भुल्लन वर्मा ने राष्ट्रीय एवं प्रांतीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि—
“नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे ईमानदारी और निष्ठा से निभाया जाएगा। मेरा लक्ष्य है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी सीटों पर कमल खिले।”

उन्होंने यह भी कहा कि मसौली कस्बे को दूसरी बार जिलाध्यक्ष की कमान मिली है। इससे पहले 2010 में पूर्व विधायक शरद अवस्थी जिलाध्यक्ष रहे थे।

बधाई देने वालों में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, सदस्य विधान परिषद अंगद सिंह, रामबाबू द्विवेदी, अमित वर्मा, मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार वर्मा, ठाकुर हुकुम सिंह, राजकुमार सोनी, देवी शंकर सोनी, राजेश वर्मा, रवि वर्मा, प्रेमनंद वर्मा, केवल प्रसाद वर्मा, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।