
नई दिल्ली। टीवी रियलिटी शो बिग बॉस का 15वां सीजन यानी कि बिग बॉस ओटीटी लोगों को हर रोज एक नया सरप्राइज दे रहा है। रविवार को वीकेंड के वार एपिसोड में शो के होस्ट करण जौहर ने दर्शकों को एक और जबरदस्त सरप्राइज देते हुए शो से दो लोगों का पत्ता काट दिया गया। दरअसल, करण ने इस एपिसोड में सिगंर मिलिंद गाबा और भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह को शो से बाहर कर दिया है।
एपिसोड के शुरुआत में सिद्धार्थ शुक्ला को किया गया याद
इस एपिसोड की शुरुआत बिग बॉस 13 विनर सिद्धार्थ शुक्ला को याद करते हुए की गई। इसके बाद करण ने शो के सभी कंटेस्टेंट्स तक दर्शकों के सवाल पहुंचाए और शो से बाहर होने वाले कंटेस्टेंट्स का नाम लिया। करण ने बताया कि शो से सिंगर मिलिंद गाबा का पत्ता कट गया है। हालांकि दर्शकों के लिए ये असली सरप्राइज नहीं था। सरप्राइज तो तब मिला जब पता चला कि शो से केवल मिलिंद ही नहीं बल्कि उनकी कनेक्शन और भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह भी बाहर हो गई।
फैंस ने सोशल मीडिया पर बिग बॉस मेकर्स की लगाई क्लास
इसके बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर बिग बॉस मेकर्स की जमकर क्लास लगाई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर शो के होस्ट करण जौहर की भी खिंचाई की। लोगों ने कहा कि जानबूझकर शो से अच्छे लोगों को बाहर किया जा रहा है। वहीं कुछ लोगों ने ट्वीट कर कहा कि करण जौहर हर बार अपने चहेतों का पक्ष लेते हैं और बाकियों के साथ भेदभाव करते हैं। सोशल मीडिया पर अक्षरा के फैंस काफी गुस्से में हैं और वे अक्षरा की शो में वापसी की मांग कर रहे हैं।