
नई दिल्ली। टीवी का सबसे विवादित रियलिटी शो बिग बॉस के 15वें सीज़न का आगाज आज से होने जा रहा है। शो के फैन्स इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इसका ग्रैंड प्रीमीयर 02 अक्टूबर रात 9:30 बजे होगा। एक रिपोर्ट के अनुसार इस सीजन की समयसीमा पांच महीने बताई गई है। इस सीजन को होस्ट करने के लिए सलमान खान ने काफी भारी भरकम फीस ली है। इस बार उनकी फीस 350 करोड़ रूपये बताई गई है।
अपनी नई थीम की वजह से चर्चा में बना हुआ है यह सीजन
बिग बॉस सीजन 15 की थीम बेहद अलग और यूनीक है। इस सीजन के प्रोमो में जंगल की थीम दिखाई गई है। घर का सेटअप भी एक जंगल के अनुसार डिजाइन किया गया है। यह सीजन अपनी इस नई थीम की वजह से टीवी पर आने के पहले ही लोगों के बीच सुर्खियों का कारण बना हुआ है। इस शो के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा कि प्रतियोगियों को सुख-सुविधा से जुड़ी सभी चीजों को प्राप्त करने के लिए बेहद संघर्ष करना होगा।
ये है बिग बॉस 15 के कंटेस्टेंट्स
टीवी जगत के कई चर्चित चेहरे जैसे जय भानुशाली, ईशान सहगल, तेजस्वी प्रकाश, सिंबा नागपाल, करन कुंद्रा, डोनल बिष्ट, विधि पांड्या, मायशा अय्यर, विशाल कोटियन, उमर रियाज बिग बॉस सीजन 15 का हिस्सा होंगे। इनके अलावा बिग बॉस ओटीटी( Bigg Boss OTT ) के कुछ कंटेस्टेंट्स प्रतीक सहजपाल, निशांत भट्ट और शमिता शेट्टी, पॉपुलर सिंगर अकासा सिंह भी इस सीजन में नजर आएंगे।
पैनिक अटैक के वजह से लिया था शो से नाम वापस
पंजाबी म्युजिक इंडस्ट्री की पॉपुलर सिंगर अफसाना खान को पैनिक अटैक आने के बाद ही वह अपने ट्रीटमेंट के लिए पंजाब वापस चली गई थी। इसके बाद ही उन्होंने बिग बॉस 15 में एंट्री न लेने का फैसला कर शो से अपना नाम वापस ले लिया था। लेकिन हाल ही में रिलीज शो के प्रोमो में अफसाना खान नजर आई हैं, जिसके बाद से ही उनके फैन्स के बीच शो में अफसाना की मौजूदगी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।