
सुल्तानपुर। लखनऊ-बलिया मार्ग पर आयुबपुर के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। 21 वर्षीय प्रमोद, जो गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मधुवन गांव का निवासी था, बैंक से पैसे निकालकर पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना करीब दोपहर 3 बजे की है। हादसे के बाद प्रमोद को तत्काल सरकारी एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

मृतक प्रमोद चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बड़ा भाई रवि ने बताया कि घर में मकान निर्माण का कार्य चल रहा था, मजदूरों को भुगतान के लिए ही प्रमोद बैंक गया था। उसकी एक बड़ी बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। प्रमोद अपने पिता राज करन के साथ खेती और घरेलू कामकाज में हाथ बंटाता था। उसके दो भाई परदेश में नौकरी करते हैं।
बेटे की अचानक हुई मौत से मां श्यामा देवी, पिता राज करन और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।