
खेरागढ़।भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को खेरागढ़ में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने सदैव सिद्धांतों, शुचिता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार, वाणी और कार्यशैली आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रही है।
अरुण सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने आह्वान किया कि वे संगठन को और अधिक मजबूत करें, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति एवं संगठनात्मक एकजुटता का माहौल बना रहा।