
बाराबंकी। सबका साथ सबका विकास केवल भाजपा का नारा नहीं बल्कि पार्टी का संकल्प है। भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग को सरकारी योजनाओं का लाभ दे रही है। यह बात बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं चिकित्सक डॉ. सतीश चन्द्रा वर्मा के जन्मदिन समारोह पर आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राम अवध यादव ने कही।
राम अवध यादव ने कहा कि भाजपा पूरे देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और पार्टी के सभी फैसले सार्वजनिक रूप से, सभी को साथ लेकर किए जाते हैं। भाजपा में कोई भी निर्णय व्यक्तिगत नहीं होता, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि जहां समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में भाई-भतीजावाद व परिवारवाद हावी है, वहीं भाजपा में हर छोटा कार्यकर्ता भी परिवार का हिस्सा होता है और उसे सम्मान मिलता है।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुनः प्रदेश की कमान संभालेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगी, क्योंकि जनता जानती है कि भाजपा ने हमेशा सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम किया है।
कार्यक्रम से पूर्व राम अवध यादव ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सतीश चन्द्र वर्मा को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।