
रामनगर। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ केपी पैलेस में निवर्तमान विधायक शरद कुमार अवस्थी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला नीति एवं शोध प्रमुख इंद्र मणि के संचालन में शुरू हुआ यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और सिद्धांतों को आत्मसात करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद के प्रणेता और भारतीय जनसंघ के महान विचारक के रूप में जाने जाते हैं।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसमें सेक्टर व बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रमुख, रामनगर मंडल के पदाधिकारी और पार्टी के विभिन्न आनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाना और उन्हें आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए तैयार करना है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष शील रत्न मिहिर, रामनगर मंडल अध्यक्ष विनय प्रकाश मिश्रा, अंश कुमार सिंह, जिला प्रतिनिधि कमलेश शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश अवस्थी, वैभव मिश्रा ‘जीतू’, अजीत वर्मा, दिव्य प्रकाश शुक्ला, मंडल महामंत्री रवि शर्मा और युवा मोर्चा अध्यक्ष पुष्कर मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।