जनसेवा और उत्साह के साथ भाजपा ने मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन

पिहानी (हरदोई)। सेवा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन जनसेवा और उत्साह के साथ मनाया। सुबह से ही नगर में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के प्राचीन मां सिंह वाहिनी मंदिर परिसर में साफ-सफाई अभियान से हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली में शामिल करने की अपील की।

इसके उपरांत भाजपा कार्यालय पर केक काटकर जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक खिलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को विश्व पटल पर नई पहचान दी है और उनके नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन की आत्मा है और मोदी जी ने अपने कार्यों से इसे चरितार्थ किया है।

दोपहर में पार्टी कार्यकर्ता कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे, जहां बच्चियों के बीच फल और जूस का वितरण किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को प्रधानमंत्री मोदी के जीवन परिचय से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कैसे साधारण परिवार से निकले नरेंद्र मोदी ने कठिन परिश्रम और जनसेवा की भावना से देश का सर्वोच्च पद संभाला। छात्राओं ने भी प्रधानमंत्री के बारे में जानकर उत्साह व्यक्त किया।

भाजपा उपाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके नेतृत्व में देश में जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिली है, जिनका लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है। महामंत्री नीरज सिंह ने कहा कि मोदी जी का जन्मदिन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ने का अवसर है।

पूर्व नगर अध्यक्ष आदर्श सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्वावलंबन जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। विधायक प्रतिनिधि विपिन मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” ही भारत के विकास की असली ताकत है।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की लंबी आयु और देश की निरंतर प्रगति की कामना करते हुए नारे लगाए। पूरे दिन पिहानी नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सेवा कार्यों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए देश को और अधिक मजबूत और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।