भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी ने संभाला मोर्चा, कहा– उत्तर प्रदेश देश की राजनीति का केंद्र


लखनऊ। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होते ही संगठन और राजनीति से जुड़े कई अहम संदेश सामने आए। पंकज चौधरी ने अपने नए दायित्व के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष होना उनके लिए गौरव की बात है, क्योंकि उत्तर प्रदेश देश की राजनीति का केंद्र है।
उन्होंने कहा कि उनका काम करने का तरीका सबको साथ लेकर चलने का है। वह पहले भी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करते रहे हैं और आगे भी इसी तरह काम करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में समय-समय पर बदलाव होते रहते हैं और यह संगठन की मजबूती का प्रतीक है।
पंकज चौधरी ने बताया कि 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के हर जिले में अटल स्मृति दिवस मनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर कहा कि भाजपा जनता के बीच जाएगी और चुनाव आयोग के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि न तो कोई गलत नाम जुड़े और न ही किसी सही नाम का नामांकन छूटे।
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सपा का पीडीए एक पारिवारिक दलों का गठबंधन है, जो समय-समय पर बदलता रहता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान के होते हुए भी जब अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया गया, तब समाजवादी पार्टी ने पीडीए का ध्यान नहीं रखा। पंकज चौधरी ने यह भी कहा कि भाजपा एसआईआर को लेकर पहले से ही काम कर रही है और संगठन पूरी तरह से तैयार है।