
कोसीकलां। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत कोसीकलां मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर माभई में प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 8 मार्च रविवार को दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन तीन सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी ने संगठन की विचारधारा और कार्यशैली पर विस्तार से जानकारी दी। द्वितीय सत्र में भाजपा नेता प्रोफेसर आरपी सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और जनसंपर्क के महत्व को समझाया। वहीं तृतीय सत्र में चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने जनसेवा की भावना और संगठन के विस्तार को लेकर मार्गदर्शन दिया।

दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, संगठनात्मक अनुशासन तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही एकात्म मानववाद, अंत्योदय की अवधारणा तथा सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर कमल किशोर वार्ष्णेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है और उसके समर्पित कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का संदेश पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीति, सिद्धांत और कार्यशैली को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष सतीश वाल्मीकि, वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण सेठ, कोसी मंडल संयोजक सौरभ जैन, सतवीर सांगवान, सीमा रानी सेठ, श्वेता जैन, दीपक बडगूजर, वीरेंद्र कटरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष हुकुम चंद अग्रवाल, पूर्व मंडल महामंत्री इंद्रपाल धनगर, कन्हैया लाल गोयल, पूर्व सभासद सेलू जायसवाल, चरण सिंह फॉलन, डॉ. पवन शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।