भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का मैगलगंज में भव्य व ऐतिहासिक स्वागत

मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का पहली बार मैगलगंज टोल प्लाजा से होकर गुजरना कार्यकर्ताओं के लिए खास अवसर बन गया। इस मौके पर टोल प्लाजा के निकट स्थित धनपाल मिष्ठान भंडार पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र में जबरदस्त राजनीतिक उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और भाजपा जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज उठा। पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर एवं भाजपा नेता नवाब सैयद कल्बे हसन अब्बास ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और अनुशासन से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नेता मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान जोश, उत्साह और संगठनात्मक एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इस स्वागत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।