आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही बस पलटी, 3 की मौत, 20 घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक बस अरौल थाना क्षेत्र के माइल 216 के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग टूटी सीटों और कांच के बीच फंस गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए।

सूचना मिलते ही बचाव टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बस चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। घना कोहरा भी दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।