
फतेहपुर सीकरी, 3 अप्रैल को फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान से प्रभावित गांवों का राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेताओं ने दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान सिकरौदा, दूरा, मई, टीकरी सहित कई गांवों में पहुंचकर किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
दौरे में रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, वरिष्ठ नेता चौधरी दिलीप सिंह, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष भूदेव सिंह प्रधान, प्रदेश मंत्री सतवीर रावत और जिला महामंत्री मुकेश सविता समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे। नेताओं ने बताया कि चक्रवाती तूफान के चलते गेहूं, जौ और मूंग जैसी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और पशुओं के चारे तक की समस्या उत्पन्न हो गई है।
रालोद नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कराया जाए और किसानों को राहत देते हुए ₹50,000 प्रति एकड़ मुआवजा दिलाने की अनुशंसा की जाए, ताकि उन्हें इस संकट से उबरने में मदद मिल सके।