
लखनऊ। चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार 6 मार्च 2026 से शुरू कर दिया गया है। उत्तराखंड सरकार ने यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यह प्रक्रिया लागू की है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु पहले से अपना पंजीकरण करा सकें।
चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। श्री यमुनोत्री और श्री गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को खुलेंगे, जबकि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को और श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। वहीं श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा आधिकारिक रूप से बाद में की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च 2026 को सुबह 7 बजे से शुरू किया गया है। यात्री अपना पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in या मोबाइल एप “Tourist Care Uttarakhand” के माध्यम से कर सकते हैं।
भारतीय श्रद्धालु अपना पंजीकरण आधार कार्ड के माध्यम से कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा दी गई है। जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी भौतिक पंजीकरण केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
भौतिक पंजीकरण काउंटर कपाट खुलने से दो दिन पहले, यानी 17 अप्रैल 2026 से शुरू किए जाएंगे। ये केंद्र ऋषिकेश के यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल ग्राउंड और देहरादून के विकास नगर में स्थापित किए जाएंगे।
यात्रा से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24×7 संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण करा लें।