
चौमुहां। थाना जैत पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। दीपावली के दिन पटाखे चलाने के विवाद में पत्थर मारकर महिला की हत्या के मुख्य आरोपी विपिन गौतम को गिरफ्तार किया गया। आरोपी वारदात के बाद फरार चल रहा था और पुलिस की लगातार तलाश में था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जैत स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के समीप 25 वर्षीय महिला पर दीपावली के दौरान मामूली विवाद के बाद आरोपी और उसके साथियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। मृतका के पिता ने घटना के बाद थाना जैत में विपिन गौतम व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम लगातार आरोपी की तलाश में थी। मंगलवार की रात मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी को कोटा फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी थाना गोविंद नगर में मारपीट और धमकी देने के गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ अब हत्या का मामला भी दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।