कस्बा चौमुंहा में क्रिकेट महासंग्राम का भव्य आयोजन, पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह ने किया शुभारंभ

चौमुंहा: छाता विधानसभा क्षेत्र के कस्बा चौमुंहा में सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट महासंग्राम का शानदार आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार में रहे पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह ने मैदान में पहुंचकर एक बॉल खेलकर किया। इस अवसर पर आयोजक ध्रुकुमार सिंह एवं दीनदयाल उर्फ चीचू ठाकुर द्वारा पूर्व मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे युवाओं में खेल भावना और अनुशासन का विकास होता है।
क्रिकेट महासंग्राम का मुकाबला लॉयंस क्रिकेट क्लब और बी.सी.सी. क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। बी.सी.सी. टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में पहले बल्लेबाजी करते हुए 85 रनों का लक्ष्य रखा, जो पिच और फॉर्मेट को देखते हुए रोमांचक स्कोर माना गया। लक्ष्य का पीछा करते हुए लॉयंस क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसानी से जीत हासिल की।
मैच में खिलाड़ी राहुल ने सर्वाधिक रन बनाने के साथ-साथ दो विकेट भी चटकाए और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम लॉयंस क्रिकेट क्लब के कप्तान अजय पहलवान को ट्रॉफी प्रदान की गई तथा सभी खिलाड़ियों को गोल्ड क्वाइन देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता बी.सी.सी. टीम के कप्तान डिम्पी को सिल्वर ट्रॉफी और टीम के अन्य खिलाड़ियों को सिल्वर क्वाइन देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन में चेयरमैन प्रतिनिधि कारे बाबा, ध्रुवकुमार, गिर्राज, लखन मेंबर सिंह, दीनदयाल उर्फ चीचू, कुलदीप सिसोदिया, विष्णु सिंह, सभासद प्रतिनिधि नरेश उर्फ चैंचू, श्यामसुंदर, ओमप्रकाश, कल्याण सिंह, बलवीर सिंह, कान्हा ठाकुर, दिनेश सिकरवार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।