
कासगंज: सीएचसी में प्रसव महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
कासगंज। शहर के अशोक नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के लिए भर्ती कराई गई गर्भवती महिला की सांय को मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव किलोनी रफातपुर निवासी रीना, पत्नी हुकुम सिंह को परिवारीजनों ने प्रसव के लिए अशोक नगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। स्वास्थ्य केंद्र में महिला का प्रसव प्रारंभ कर दिया गया, लेकिन परिजनों के अनुसार उपचार के दौरान महिला को एक इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में प्रसव से पहले ही महिला की मौत हो गई।
मृतका की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह घटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था और प्रसव में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़ा करती है।