छाता में फार्म रजिस्ट्री कैंप फेल, 8 खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस

मथुरा। संयुक्त कृषि निदेशक आगरा मंडल के आह्वान पर छाता उप संभाग कार्यालय में 11 फरवरी को आयोजित फार्म रजिस्ट्री (एफआईडी) कैंप अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण विफल हो गया। कैंप में छाता क्षेत्र के आठ खाद-बीज विक्रेता अनुपस्थित रहे, जिससे किसानों की भागीदारी प्रभावित हुई।
जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार के अनुसार कैंप में अधिक से अधिक किसानों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी विभागीय कर्मचारियों के साथ खाद-बीज विक्रेताओं को भी सौंपी गई थी। आरोप है कि विक्रेताओं ने न तो किसानों को प्रेरित किया और न ही स्वयं कैंप में उपस्थित हुए, जिसके चलते योजना का लाभ किसानों तक नहीं पहुंच सका।
अनुपस्थित विक्रेताओं में आईएफडीसी कृषक सेवा केंद्र, शर्मा खाद भंडार, भगवान खाद बीज भंडार, चौ. महेश खाद बीज भंडार, कृषि सेवा केंद्र, लकी खाद बीज भंडार और शाकुम्भरी ट्रेडर्स सहित कुल आठ प्रतिष्ठान शामिल हैं। सभी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।