
गोला गोकर्णनाथ खीरी। नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ एवं गोला टूरिज्म संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छोटी काशी पतंग महोत्सव 2.0 का शुभारंभ सोमवार को उत्साहपूर्ण और उल्लासमय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी गोला गोकर्णनाथ प्रतीक्षा त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं। इससे न केवल सामाजिक सौहार्द बढ़ता है, बल्कि जनसुरक्षा और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती मिलती है।
पतंग महोत्सव के आयोजक एवं नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ ने कहा कि यह आयोजन पारंपरिक भारतीय पतंगबाजी संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है। साथ ही यह चाइनीज मांझे के दुष्प्रभावों के विरुद्ध जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम भी बनेगा।
कार्यक्रम के मुख्य समागत कबीर धाम मुस्तफाबाद के प्रवीण साहेब रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एबीवीपी के संगठन मंत्री सत्यम दुबे ने की। महोत्सव के दौरान नगरवासियों, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार आगामी चरणों में प्रतियोगिताएं और भी रोमांचक होंगी तथा समापन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता की निष्पक्षता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गठित निर्णायक मंडल में राजेंद्र सोनी, कुलदीप तिवारी, डॉ. आदर्श दीक्षित, डॉ. सौरभ दीक्षित, डॉ. योगेश कनौजिया एवं एडवोकेट सुमित शाह शामिल रहे।
पतंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में शौर्य गुप्ता, अभिमान गुप्ता, युवराज तिवारी, रुद्रांश गुप्ता, मोहम्मद तंजीव सलमानी, कृष्णा शर्मा, महेंद्र सिंह एवं उज्ज्वल जैन ने अलग-अलग राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं सीनियर वर्ग में अभिनंदन शुक्ल, दिव्यांश यादव, वंश कश्यप, विकास, अभिषेक कश्यप एवं अरुण अवस्थी ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आयोजन की सफलता में आयोजन समिति एवं स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में सभासद नानक चंद्र वर्मा, रियाजुद्दीन, गोला टूरिज्म संगठन के पदाधिकारी, नगर पालिका कर्मचारीगण, भाजपा युवा मोर्चा, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।