
लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम स्थित सीआईएसएफ कैंप कुर्सी रोड पर उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय आयुष मिशन की ओर से निशुल्क आयुर्वेद एवं योग स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में सीआईएसएफ के जवानों और उनके परिवारजनों को आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परामर्श, योग सत्र तथा स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में महानिदेशक उत्तर प्रदेश (आयुष) चैत्रा वीकी सहायक कमांडेंट एनएन मीना सहित आयुष विभाग के चिकित्सक और योग प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।
योग सत्र से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ योग सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मिशन निदेशक (आयुष) चैत्रा वीकी ने योग को स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है।

आयुर्वेदिक आहार और घरेलू मसालों के महत्व पर दी जानकारी
इस दौरान मिशन निदेशक (आयुष) चैत्रा वीकी ने आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार और रसोई में उपयोग होने वाले खड़े मसालों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हल्दी, अदरक, जीरा और धनिया जैसे मसाले औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं और विभिन्न रोगों से बचाव में सहायक हैं। साथ ही, नियमित तेल मालिश और संतुलित जीवनशैली अपनाने से शरीर को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखा जा सकता है।
आयुर्वेदिक उपायों की दी सलाह
शिविर के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आयुर्वेदिक उपायों और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने महिलाओं को दैनिक जीवन में सरल आयुर्वेदिक उपाय अपनाने की सलाह दी।

समाज में ऐसे शिविरों की आवश्यकता पर जोर
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और प्रतिभागियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने आयुर्वेद और योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।