
बहराइच। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खंड तेजवापुर के रामलीला मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 460 गरीब कन्याओं का विवाह सम्पन्न हुआ। इनमें 61 मुस्लिम जोड़ों का निकाह तथा 399 हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जनपद के सभी विकासखंडों व नगरीय निकायों के अंतर्गत आने वाले जोड़ों का विवाह एक ही मंच पर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, बलहा विधायक सरोज सोनकर, पूर्व सांसद अक्षयबर लाल गोड़, ब्लॉक प्रमुख तेजवापुर रमाकर पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मुख्य वेदी पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्या पूजन एवं कन्यादान की रस्म पूरी की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी, नामित अधिकारी, गणमान्य नागरिक, नव-विवाहित जोड़ों के रिश्तेदार व बड़ी संख्या में उपस्थित लोग साक्षी बने।
विधायक महसी ने संबोधन में सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आए अभिभावकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े एक लाख रुपये की व्यवस्था की है तथा प्रदेश की एक लाख गरीब कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।
पूर्व सांसद अक्षयबर लाल गोड़ और विधायक बलहा सरोज सोनकर ने नव-विवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस जनकल्याणकारी योजना के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
समारोह में लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अतिथियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया तथा वैवाहिक सामग्री एवं मिष्ठान का वितरण भी किया।