चाय, चर्चा और चुनावी गणित: सीएम आवास पर सियासत का बड़ा मंथन

लखनऊ। राजधानी में मुख्यमंत्री आवास सोमवार को सियासी हलचल का केंद्र बना रहा, जहां भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक में संगठन और सरकार के बीच तालमेल को नई दिशा देने पर गहन मंथन हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ RSS के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार की मौजूदगी ने इसे और महत्वपूर्ण बना दिया।
बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल रहे। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लंबी चर्चा हुई और संभावित बदलावों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही पंचायत चुनाव से पहले OBC आयोग के गठन को लेकर रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया, जिस पर जल्द ही कैबिनेट बैठक में फैसला संभव है।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर खास फोकस रहा। यूपी भाजपा की नई कमेटी के गठन, आयोगों और निगमों में कार्यकर्ताओं के समायोजन और उनकी नाराजगी दूर करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने साफ संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह एकजुट करना प्राथमिकता है।
इसके अलावा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। पिछली सरकार से तुलना करते हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से पेश करने का प्लान तैयार किया जा रहा है।
बैठक के दौरान सरकार और संगठन के बीच किसी भी तरह के मतभेद को भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। माना जा रहा है कि इस मंथन के बाद प्रदेश की राजनीति में जल्द ही कुछ बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।