
संडीला/हरदोई। प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित और समर्थ बनाने के लक्ष्य को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों से ऑनलाइन संवाद किया। उन्होंने प्रदेशभर के नगर निकायों को संदेश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को नए भारत का ग्रोथ इंजन बनाने में नगर निकायों की भूमिका अहम है।
सीएम ने विकास की योजनाओं और नीतियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए नगर पालिका अध्यक्षों को जागरूक किया और उनसे शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र ही आर्थिक व सामाजिक प्रगति की आधारशिला हैं, इसलिए स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं, सड़क, जल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी प्राथमिकताओं पर तेजी से काम करना होगा। सीएम ने नगर पालिका अध्यक्षों से जनता से संवाद बनाए रखने और विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
इसी कड़ी में संडीला नगर पालिका परिषद के मीटिंग हॉल में भी ऑनलाइन संवाद का सीधा प्रसारण देखा गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन मो. रईस अंसारी ने की और मुख्यमंत्री के विजन को संडीला नगर के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में छोटे कस्बों और नगरों का तेजी से विकास हो रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार, टैक्स अधीक्षक अनिल प्रकाश आनंद, निर्माण विभाग के जेई गौरव शुक्ला, जल विभाग के जेई अमित कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता इरफान हमीद ताज मियां सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विकसित उत्तर प्रदेश 2047 विजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।