
अयोध्या, 9 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अयोध्या में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के अंतर्गत किष्किंधा वन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया और कहा कि “हर पेड़ भगवान का रूप है”।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हमें वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की बात करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संतुलन और संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया। योगी ने पौधा लगाकर सेल्फी भी ली और प्रदेशवासियों से अपील की कि वे भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने दौरे की शुरुआत संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर से की, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति की कामना की। इसके बाद श्रीरामलला के दरबार में दर्शन-पूजन किया, आरती उतारी और मंदिर परिसर की परिक्रमा कर राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायज़ा लिया। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री के आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भव्य स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
यह जुलाई माह में मुख्यमंत्री योगी का पहला अयोध्या दौरा है। इससे पहले वह 5 जून को राम दरबार के उद्घाटन अवसर पर अयोध्या आए थे।