
जेवर, । नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का “लॉन्चपैड” बनेगा और प्रदेश की संभावनाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना संकल्प को सिद्धि में बदलने का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट न केवल यूपी की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को गति देते हुए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में जब इस एयरपोर्ट की पांच रनवे पूरी तरह संचालित होंगे, तब यह एक वैश्विक स्तर का एयरपोर्ट बनकर उभरेगा। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस और प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से जुड़कर यह उत्तर प्रदेश को ग्लोबल कनेक्टिविटी का केंद्र बनाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बीते 11-12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को नियंत्रित रखने और एक्साइज ड्यूटी में कमी के फैसले के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
राजनीतिक टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2002 से 2017 तक उत्तर प्रदेश अव्यवस्था और अराजकता का शिकार रहा, लेकिन पिछले 9 वर्षों में प्रदेश ने “बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू” तक का सफर तय किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 13,000 एकड़ भूमि किसानों के सहयोग से उपलब्ध हुई और संवाद के माध्यम से उनका विश्वास जीता गया। उन्होंने किसानों के योगदान के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।