’10वां बजट, 9 साल का भरोसा’: 9.12 लाख करोड़ के प्लान पर सीएम योगी का बड़ा संदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे देश की सबसे बड़ी आबादी का बजट बताते हुए कहा कि यह किसान, युवा और महिला केंद्रित बजट है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदली है और इस बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश का बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा है। इस बार के बजट की थीम “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा और खुशहाल किसान” रखी गई है। उन्होंने बताया कि लगभग 2 लाख करोड़ रुपये की धनराशि कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित की गई है, जिससे आधारभूत ढांचे और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

सीएम योगी ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी एक सरकार का दसवीं बार बजट प्रस्तुत हुआ है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश में कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है, फिर भी विकास की रफ्तार तेज रही है।

उन्होंने “रूल ऑफ लॉ” को वास्तविक विकास की गारंटी बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था मजबूत होने से निवेश का माहौल बना है। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो उत्तर प्रदेश की बदलती छवि का प्रमाण हैं।

कृषि क्षेत्र पर जोर देते हुए सीएम योगी ने कहा कि अन्नदाता किसान केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास यात्रा के भागीदार हैं। बजट में किसानों के हितों, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है।

इसके साथ ही बजट में “सिटी इकोनॉमिक जोन” विकसित करने के लिए भी प्रावधान किया गया है, जिसके तहत क्लस्टर आधारित विकास मॉडल को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर उद्योग, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम साबित होगा।