सीएमएस अयोध्या रोड परिसर में भव्य ‘डिवाइन एजुकेशन कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन

लखनऊ, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, अयोध्या रोड परिसर द्वारा आज सीएमएस गोमती एक्सटेंशन परिसर ऑडिटोरियम में भव्य ‘डिवाइन एजुकेशन कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने दीप प्रज्वलन कर किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) बबलू कुमार, आईपीएस उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अभिभावकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बेबी रानी मौर्य ने कहा कि सीएमएस देशभर में एक विशिष्ट स्थान रखता है। यह ऐसा विद्यालय है जो न केवल बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि उनके विचारों को परिष्कृत कर उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। व्यक्ति की आंतरिक भावना ही उसकी प्रगति का आधार बनती है, इसलिए अपने सपनों की लौ को कभी बुझने न दें, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब व्यक्ति दूसरों के कल्याण का लक्ष्य निर्धारित करता है, तो उसकी प्राप्ति को कोई नहीं रोक सकता। साथ ही अभिभावकों से घर में एकता और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि बबलू कुमार, आईपीएस ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने और सकारात्मक सोच विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज सम्मानित किए जा रहे छात्र सीएमएस शिक्षकों के योगदान का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। उन्होंने सीएमएस की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्थान ने शिक्षा प्रणाली को एक नई दिशा प्रदान की है।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए सीएमएस प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि आज आवश्यकता ऐसे भविष्य की पीढ़ी तैयार करने की है जो वैश्विक समाज के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके। इसी उद्देश्य के अनुरूप सीएमएस अपने विद्यार्थियों में वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए सतत प्रयासरत है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रार्थना, सर्वधर्म प्रार्थना एवं विश्व एकता प्रार्थना से हुआ। इस दौरान छात्रों ने भक्ति गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने न केवल अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया, बल्कि संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी बहुआयामी प्रतिभा का भी परिचय दिया, जो विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही नैतिक, चारित्रिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा को दर्शाता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह रहा, जिसमें वार्षिक परीक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अयोध्या रोड परिसर की प्रधानाचार्या नूपुर डावर ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएमएस एक ऐसा संस्थान है जो बच्चों को आंतरिक रूप से सशक्त बनाते हुए उनके समग्र व्यक्तित्व का विकास करता है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना कर सकें।