सीएमएस में अंतरराष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव का भव्य आगाज, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

लखनऊ,। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव (ICFF-2026) का भव्य शुभारंभ कानपुर रोड स्थित ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अभिनेता चरनप्रीत, हरजसप्रीत और गायिका जानिया भोसले भी मौजूद रहे।
6 से 12 अप्रैल तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास और उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व को निखारना है। उद्घाटन समारोह में ए.के. शर्मा ने कहा कि जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने के बावजूद माता-पिता और गुरुओं का सम्मान करना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की प्रतिभा को दबाने के बजाय उसे विकसित करने की अपील की। वहीं मालिनी अवस्थी ने कहा कि अच्छी और सार्थक फिल्में बच्चों को बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती हैं और उनमें संस्कारों का विकास करती हैं।


कार्यक्रम के दौरान सीएमएस प्रबंधन ने बताया कि इस महोत्सव में देश-विदेश की शैक्षिक और प्रेरणादायक फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद मैक्सिकन फिल्म “Azulesepia” के साथ फिल्म प्रदर्शन की शुरुआत हुई, जिसमें बच्चों के बीच भेदभाव जैसे संवेदनशील विषय को दर्शाया गया। पहले दिन कई फिल्मों का प्रदर्शन मुख्य ऑडिटोरियम के साथ सात मिनी ऑडिटोरियम में भी किया गया।
इस आयोजन में लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 5,000 छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक शामिल हुए। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार यह सात दिवसीय फिल्म महोत्सव पूरी तरह निःशुल्क है, जिसमें प्रतिदिन सुबह 9 बजे और दोपहर 12 बजे शो आयोजित किए जा रहे हैं।