बड़ी खबर: लखनऊ के शुभांशु शुक्ला ने रचा इतिहास, अमेरिका से अंतरिक्ष के लिए भरी उड़ान

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सी.एम.एस.) के छात्र रहे शुभांशु शुक्ला ने आज देश का नाम रोशन कर दिया। शुभांशु ने बुधवार सुबह अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से अंतरिक्ष के लिए ऐतिहासिक उड़ान भरी। वह दो सप्ताह तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर विभिन्न वैज्ञानिक अनुसंधानों और तकनीकी प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।

इस मिशन में शुभांशु के साथ तीन और अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं। शुभांशु की यह उड़ान उन्हें भारत के गिने-चुने अंतरिक्ष यात्रियों की सूची में शामिल कर चुकी है। अंतरिक्ष में पहुंचते ही उनका पहला संदेश था – “जय हिंद, जय भारत”, जिसने हर भारतीय के दिल में गर्व भर दिया।

इस ऐतिहासिक क्षण का सीधा प्रसारण आज सुबह लखनऊ के सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया गया, जहाँ ‘व्यमोत्सव’ नामक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में शुभांशु के माता-पिता, परिजन, स्कूल के छात्र-शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

‘व्यमोत्सव’ में AX-4 मिशन के लाइव टेलीकास्ट के साथ-साथ इंटरएक्टिव मिशन कंट्रोल सेंटर, आईएसएस कपोला का मॉडल, डेफाई ग्रैविटी फोटो बूथ और टेलीस्कोप प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसने बच्चों और युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति खासा उत्साह जगाया।

शुभांशु शुक्ला की यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष अभियान की वैश्विक पहचान को और मजबूत करती है। लखनऊ अब केवल नवाबों का शहर नहीं, बल्कि सितारों को छूने वाला शहर बन गया है।