एक कांग्रेसी नेता द्वारा आरएसएस को आतंकी संगठन कहना पड़ा भारी, पुलिस ने शख्स के विरुद्ध मुकदमा किया दर्ज

फतेहपुर-बाराबंकी। क्षेत्र में एक कांग्रेसी नेता द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आतंकवादी संगठन बताने की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही क्षेत्र के हजारों लोगों में आक्रोश फैल गया। इस विषय को लेकर संघ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आपात बैठक कर इसकी कड़ी निंदा की। मंगलवार शाम आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मालूम हो कि कांग्रेस पार्टी के नेता आदर्श पटेल हाल ही में चर्चा का विषय बने हैं। उनके एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने आरएसएस को आतंकवादी संगठन बताते हुए लिखा। देखते ही देखते यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई, जिससे संघ कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।
थाना मो0पुर खाला क्षेत्र के कनिकापुर में रहने वाले संघ कार्यकर्ता धनीराम गुप्ता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि आदर्श पटेल ने पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास किया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांचोपरांत यदि तथ्य सही पाए गए तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।