
जौनपुर के टॉप-10 हिस्ट्रीशीटर अपराधियों में शामिल गौ-तस्कर अलीम उर्फ मोहम्मद अलीम को खेतासराय पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा एक माह के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन वह चोरी-छिपे जनपद में ही रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे ग्राम लेदरही के पास दबोच लिया।
अलीम के खिलाफ अब तक कुल 13 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गौ-हत्या, पशु क्रूरता, NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। पुलिस के अनुसार अलीम की आपराधिक गतिविधियां सिर्फ जौनपुर तक ही सीमित नहीं थीं, बल्कि शाहगंज, खुटहन और बीकापुर (अयोध्या) तक फैली थीं। वह अन्तर्जनपदीय स्तर पर सक्रिय गैंग से भी जुड़ा रहा है।
एसपी डॉ. कौस्तुभ द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत खेतासराय पुलिस ने यह कार्रवाई की। जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) द्वारा उसे 10 जून से एक माह के लिए जिला बदर किया गया था। आदेश की तामील उसके परिजनों को करा दी गई थी, बावजूद इसके वह प्रशासनिक आदेश की अवहेलना करते हुए जनपद की सीमा के भीतर ही छिपा हुआ था।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मो. तारिक अंसारी, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव और कांस्टेबल शुभम त्यागी की टीम ने अलीम की गिरफ्तारी को अंजाम दिया। आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।