लखनऊ। लखनऊ के आईटी चौराहा मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था के दौरान एक युवक के पास से कारतूस बरामद होने से हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि युवक बिना किसी वैध असलहा लाइसेंस के 315 बोर का कारतूस लेकर मेट्रो स्टेशन पहुंचा था। आरोपी की पहचान यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के हाथीपुर कोठार निवासी अनंतेश्वर वर्मा के रूप में हुई है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:24 बजे की है, जब स्टेशन पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक्स-रे स्कैनिंग मशीन में युवक के बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। शक होने पर सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत बैग की मैनुअल जांच की, जिसमें 315 बोर का एक कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद स्टेशन पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने बरामद कारतूस को कब्जे में लेकर उसे विधिवत सील कर दिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेट्रो प्रशासन से घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों का विवरण मांगा है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक कारतूस कहां से लाया था और उसका मकसद क्या था। वहीं पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई और अन्य संभावित पहलुओं पर निर्णय लिया जाएगा।