फतेहाबाद। डौकी थाना क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना ने दुखद मोड़ ले लिया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 को वादी पप्पू पुत्र रेतीराम निवासी कौलारा खुर्द, थाना शमशाबाद, जनपद आगरा ने थाना डौकी में तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि 31 जनवरी 2026 की शाम लगभग 8 बजे उसका पुत्र शांति प्रकाश अपने साले के लड़के रामनाथ के साथ ग्राम नींवरी जा रहा था।
आरोप है कि रास्ते में श्रीनिवास पुत्र ठाकुरदास, रिंकू पुत्र भगवती एवं एक महिला (सभी निवासी ग्राम नींवरी) ने दोनों को रोककर गाली-गलौज की और शांति प्रकाश के साथ लात-घूंसे व डंडों से मारपीट की। बचाने की कोशिश में रामनाथ भी असफल रहा। मारपीट में शांति प्रकाश के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल शांति प्रकाश को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 07 फरवरी 2026 को उसकी मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर थाना डौकी में मुकदमा पंजीकृत किया गया। युवक की मृत्यु के बाद मामले में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए विवेचना आगे बढ़ाई गई।
पुलिस आयुक्त व अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद द्वारा गठित टीम ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर वाजिदपुर चौराहे के पास से सुबह लगभग 10:30 बजे एक वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों श्रीनिवास व रिंकू की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।