डौकी पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 22.5 किलो चोरी की चांदी सहित छह गिरफ्तार

फतेहाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस की डौकी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 22.500 किलोग्राम चोरी की चांदी, दो तमंचे .315 बोर, कारतूस और 1750 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास लंबा बताया जा रहा है और ये कई जिलों में चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं।
रविवार को थाना डौकी पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर जंगजीत सिंह डिग्री कॉलेज गेट के पास टूंडला रोड, वाजिदपुर से घेराबंदी कर छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
धर्मवीर पुत्र मूलचंद, सत्यवीर पुत्र मूलचंद निवासी गढ़ी निर्भर, थाना पचोखरा, फिरोजाबाद;
मेघराज पुत्र दीवान, मनोज पुत्र गोलीराम निवासी ग्राम झोरियांन, थाना पिनाहट;
अनिल यादव पुत्र मुंशीलाल यादव निवासी सुदामा नगर, मुर्गी वाली गली, थाना उत्तर, फिरोजाबाद;
रामवीर पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम नगला दया, थाना बसई मोहम्मदपुर, फिरोजाबाद।
भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से साढ़े 22 किलो चांदी बरामद की, जिसमें अंगूठियां, कड़े, कुंडल, पायल, चांदी के तार, शिवलिंग, गड़ा, मछली और बिछुआ सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे .315 बोर, कारतूस और 1750 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
दिल्ली के ज्वेलर्स शोरूम से की थी चोरी
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बरामद चांदी 14 फरवरी को आर.के. पुरम स्थित चौहान ज्वेलर्स की दुकान से चोरी की गई थी। संबंधित थाना पुलिस से संपर्क करने पर घटना की पुष्टि हुई है।
अन्य थानों में भी दर्ज हैं मुकदमे
अभियुक्तों ने थाना शमशाबाद, निबोहरा, अछनेरा सहित अन्य क्षेत्रों में भी घरों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। चोरी के माल को बेचकर प्राप्त रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी व आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पहले करते थे रैकी
अभियुक्तों ने बताया कि वे पहले बंद मकानों और दुकानों की रैकी करते थे, उसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
टीम में शामिल अधिकारी
थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, सचिन तोमर, कपिल तोमर, राहुल कुमार, अशोक कुमार, अभिषेक सिंह, शुभम कुमार तथा एसओजी प्रभारी रजत शर्मा कार्रवाई में शामिल रहे।