
लखीमपुर खीरी। जनपद के पसगवां ब्लॉक के अजबापुर में स्थित डीसीएम श्रीराम चीनी मिल के कारण क्षेत्र की सड़कों पर गन्ना लदे ओवर हाइट-ओवर वेट विशालकाय ट्रकों का बेखौफ संचालन लगातार जारी है। अधिकांश ट्रक जर्जर स्थिति में होने के बावजूद पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग के सामने सड़क सुरक्षा की धज्जियां उड़ाते हुए सरपट दौड़ रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
पूर्व वर्षों में इस तरह के ओवर हाइट-ओवर वेट गन्ना ट्रकों से कई दुर्घटनाएँ हुईं और लोगों की जानें गईं, लेकिन वर्तमान में महीने के मोटे लिफाफों के कारण प्रशासन आंखें बंद कर चीनी मिल का यह तमाशा देख रहा है। मोहम्मदी कोतवाली, पसगवां, उचौलिया थाना और जंगबहादुर गंज चौकी क्षेत्र की सड़कों पर ये ट्रक मौत बनकर सरपट दौड़ रहे हैं।
लगभग दो हफ्ते पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह द्वारा उक्त ट्रकों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई केवल हवा-हवाई साबित हो रही है। कोतवाली प्रभारी पसगवां द्वारा कुछ चालान किए गए हैं, लेकिन ट्रकों का संचालन अब भी जारी है, जिससे अधिकारीगण की कार्यवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय चर्चा है कि चीनी मिल प्रशासन मोटे लिफाफों और सुविधाओं के माध्यम से अधिकारियों की आवभगत करता है, जिसमें तेल, गाड़ी और गेस्ट हाउस की सुविधा शामिल है। ऐसे में जिम्मेदार कार्यवाही से मुंह मोड़कर अधिकारी केवल तमाशा देख रहे हैं।
अब यह देखना बाकी है कि गन्ना महाप्रबंधक हरेंद्र त्रिपाठी, यूनिट हेड पी.के. सिंह और चीनी मिल प्रशासन के अन्य अधिकारीयों पर ओवर हाइट-ओवर वेट ट्रकों के संचालन पर पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग वास्तविक कार्रवाई करेंगे या मोटे लिफाफों की आड़ में मूकदर्शक बने रहेंगे।