दीपोत्सव-2025 की तैयारियां जोरों पर, जयवीर सिंह ने दी जानकारी

लखनऊ।उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अयोध्या में 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2025 को भव्य और आकर्षक बनाने में जुटा है। दीपोत्सव में प्रतिदिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं शो आयोजित होंगे। इस अवसर पर मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन, लेजर शो और लाइव कलाकारों के प्रदर्शन से मंत्रमुग्ध कर देने वाला दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। यह शो अयोध्या के सरयू घाटों पर आयोजित होगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-2025 में भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की झलक आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। पूरे नगर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। सरयू घाटों पर 26 लाख से अधिक दीप जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लगभग 45 मिनट के इस कार्यक्रम में प्रोजेक्शन, लेजर, लाइव परफॉर्मेंस और आतिशबाजी के माध्यम से भगवान श्रीराम की कथा को भव्य रूप से दर्शाया जाएगा। राम की पैड़ी पर एक अनोखा थीमेटिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो आयोजित होगा, जिसमें 100 से अधिक लाइव कलाकार प्रस्तुति देंगे। शो की विशेषता यह है कि इसमें पिछले दीपोत्सवों के विजुअल्स, म्यूज़िक, स्टोरीबोर्ड या एनीमेशन का दोहराव नहीं होगा।

प्रोजेक्शन विजुअल्स, मंच और कोरियोग्राफी, लाइव परफॉर्मेंस, लेजर इफेक्ट्स, बैकग्राउंड स्कोर और वॉइस ओवर आपस में तालमेल बिठाकर पेश किए जाएंगे। सभी कलाकारों की वेशभूषा दीपोत्सव की सांस्कृतिक और थीम आधारित भावना के अनुरूप होगी।

मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि परंपरा, तकनीक और संस्कृति के संगम से दीपोत्सव-2025 को वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनाया जाए और सभी दर्शकों के लिए यह एक अद्वितीय अनुभव बने।