Delhi में स्वतंत्रता दिवस पर कैलाश गहलोत फहराएंगे तिरंगा, LG वीके सक्सेना ने भेजा निमंत्रण

दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराएंगे। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने उनके नाम को नॉमिनेट किया है। इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आतिशी का नाम तय किया था। लेकिन सामान्य प्रशासन विभाग ने इस पर रोक लगा दी। स्टेट लेवल पर होने वाले इस कार्यक्रम की ज़िम्मेदारी दिल्ली पुलिस और गृह विभाग की होती है। इसलिए उपराज्यपाल ने दिल्ली के गृह मंत्री कैलाश गहलोत को झंडा फहराने की अनुमति दी।

इससे पहले दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने आज स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ग़ैरमौजूदगी में आगामी स्वतंत्रता दिवस पर कैबिनेट मंत्री आतिशी झंडा नहीं फहरा सकतीं हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के मंत्री गोपाल राय ने दरअसल कल जीएडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा था कि वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलकर आये हैं। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि 15 अगस्त वाले समारोह में आतिशी झंडा फहराए। इसके लिए तैयारी करें। इसके बाद जीएडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने गोपाल राय को पत्र लिखकर कहा कि आतिशी के झंडा फहराने का निर्देश कानूनन सही नहीं है इसलिए आतिशी के झंडा फहराने के निर्देश पर कारर्वाई नहीं की जा सकती है।