
हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के कोथावा चौकी अंतर्गत कोथावा नहर पलिया पुल संपर्क मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक दुर्घटना हो गई। दिल्ली पुलिस की तैयारी में दौड़ का अभ्यास कर रहे युवक को पीछे से आ रही पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना कृपालपुर पुल के निकट हुई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस UP 32 FG 0636 से पहुंचे ईएमटी मुलायम सिंह और पायलट सोमदेव ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावा पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. देव मणि त्रिपाठी ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया।
घायल युवक की पहचान रितिक पुत्र सर्वेश वर्मा (उम्र 21 वर्ष), निवासी लधौरा गांव के रूप में हुई है। रितिक दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था और रोजाना की तरह गुरुवार शाम दौड़ लगाते हुए घर जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आई पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर गति नियंत्रण के उपाय कराने की मांग की है।