
लखनऊ, विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी ने एक बार फिर अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव का अद्वितीय प्रदर्शन किया। ‘देवताओं की दिवाली’ के नाम से विख्यात यह दीप पर्व बुधवार की शाम अपने चरम पर पहुँचा, जब गंगा के दोनों तट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठे। प्राचीन नगरी वाराणसी मानो भक्ति और प्रकाश की दिव्य आभा में नहा उठी।
इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं गंगा तट पर पहुंचे। उनके साथ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी मौजूद रहे। दोनों ने गंगा तट पर दीप प्रज्ज्वलित कर इस अलौकिक पर्व की आस्था को श्रद्धालुओं के साथ साझा किया। 15 लाख से अधिक दीयों के आलोक से काशी उज्ज्वल हो उठी। देश-विदेश से आए श्रद्धालु और पर्यटक इस अद्भुत आयोजन के साक्षी बने।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी आज वैश्विक संस्कृति, श्रद्धा और नवाचार का केंद्र बन चुकी है। लाखों दीपों से आलोकित घाट और सामूहिक गंगा आरती ने नई ऊर्जा और एकता की भावना को साकार किया है।”
देव दीपावली की संध्या को वाराणसी के 88 घाटों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया। नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट, शीतला घाट के साथ गाय घाट, पंचगंगा घाट, दंडकारिणी घाट और तुलसी घाट पर भी विशेष सामूहिक गंगा आरती का आयोजन हुआ। शंखनाद, घंटों की गूंज और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

वाराणसी के 83 स्थानीय समितियों और विभागीय दलों ने घाटों की प्रकाश सज्जा और दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी संभाली। कुल मिलाकर 15 लाख दीयों की लौ ने पूरी काशी को एक जीवंत ज्योति पर्व में बदल दिया।
विदेशी पर्यटकों ने भी इस आयोजन में गहरी रुचि दिखाई। ग्रीस से आई पर्यटक मेलिसा ने कहा, “ऐसा दिव्य और भव्य दृश्य पहले कभी नहीं देखा। लाखों दीयों से ऐसा प्रतीत हुआ मानो आसमान और धरती एक हो गए हों।”
देव दीपावली 2025 ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि काशी न केवल भारत का, बल्कि संपूर्ण विश्व का आध्यात्मिक केंद्र है। इस आयोजन ने न केवल आस्था को बल्कि स्वच्छता, सांस्कृतिक समृद्धि और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को भी सशक्त संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, जनप्रतिनिधि एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।