
सूरतगंज, बाराबंकी।“हमने इस मिट्टी को मां कहा है और बिना किसी संकोच के भारत माता की जय बोलते हैं। रुचि के अनुसार पूजा-उपासना करते हैं, जो सबका बराबर सम्मान करता है वही सच्चा हिंदू है।” ये उद्गार विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चम्पत राय ने नगर पालिका सभागार में शुक्रवार को आयोजित धर्म रक्षा निधि समर्पण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।
लगभग डेढ़ घंटे के अपने संबोधन में चम्पत राय ने समरसता, गौ संरक्षण, धर्मांतरण और घर वापसी जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि “भाइयों और बहनों” का संबोधन भारत की उस भावना को दर्शाता है, जिसमें संपूर्ण समाज एक परिवार है और भारत माता सभी की जननी हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय भारत विश्व गुरु था क्योंकि समाज की कठिनाइयों को दूर करने की सामर्थ्य उसमें थी। प्रधानमंत्री के अयोध्या के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मैकाले की सोच से आगे बढ़कर भारतीय परंपराओं और मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता है।
चम्पत राय ने निरक्षरता और निर्धनता को समाज की बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि शिक्षा और संस्कार ही आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे प्राचीन संस्कृति, संस्कार और भगवान राम के आदर्शों का अध्ययन करें।
छुआछूत को सामाजिक बुराई बताते हुए उन्होंने कहा कि यह एक मानसिक रोग है, जिसे दूर करने के लिए विश्व हिंदू परिषद निरंतर सामाजिक समरसता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कालखंड में हमसे अलग हो गए, उन्हें उनकी परंपराओं, संस्कारों और महापुरुषों की याद दिलाकर वापस लाना ही घर वापसी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय धर्मधारा से जुड़े रहने से ही संस्कार सुरक्षित रहते हैं। भारत की परंपरा में गंगा को मां और पर्वतों को देवता माना गया है। भगवान राम के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि शबरी के जूठे बेर खाना, गिद्धराज जटायु को गोद में उठाना और निषादराज को गले लगाना समरसता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जनसहयोग से बना है और बीते दो वर्षों से प्रतिदिन 70 से 80 हजार श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री राहुल कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप, विभाग संगठन मंत्री इंद्रेश, जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य, नेहा मिश्रा, राजेंद्र प्रताप सिंह, अमित कुमार गुप्ता, राहुल विक्रम सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, अखंड प्रताप सिंह, विनय वर्मा, तुलसीराम चौहान, वीरेंद्र कुमार, राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, रामकिशोर शुक्ला, गौरीकांत, अभिनव रस्तोगी, सौरभ गुप्ता, कमलेश शुक्ला, लीना श्रीवास्तव, पूर्णेन्दु चतुर्वेदी, दिवाकर दीपक सिंह, मनोज, विनय, संगीता, मानसी गुप्ता सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।