
लखीमपुर खीरी। उत्तर खीरी वन प्रभाग की धौरहरा रेंज में अवैध कटान थमने का नाम नहीं ले रहा है। धौरहरा रेंज के कोयली पुरवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास शातिर लकड़कट्टों द्वारा प्रतिबंधित आम और जामुन के लगभग 25 पेड़ों को बिना परमिट अवैध रूप से काटे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कटान वन विभाग और पुलिस की कथित सांठगांठ से कराया गया।
जानकारी के मुताबिक धौरहरा रेंज अवैध कटान को लेकर पहले भी चर्चा में रही है। ताजा मामला कोयली पुरवा गांव में सामने आया, जहां दबंग ठेकेदारों ने रातोंरात कीमती पेड़ों पर आरा चला दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
इस संबंध में क्षेत्रीय वन दरोगा आर.के. सिंह से पूछताछ की गई तो उन्होंने पहले स्पष्ट जवाब नहीं दिया और बाद में अपने क्षेत्र में किसी भी अवैध कटान से इनकार कर दिया। वहीं धौरहरा रेंजर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक ओर सरकार वृक्षारोपण अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर आम और जामुन जैसे बेशकीमती पेड़ों की खुलेआम कटाई हो रही है। अब देखना यह है कि क्या संबंधित डीएफओ इस मामले का स्वतः संज्ञान लेकर कथित दोषी अधिकारियों और लकड़कट्टों के विरुद्ध कार्रवाई करते हैं या नहीं।