दीपावली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, पुलिस ने चलाया वाहन चेकिंग अभियान

रुनकता। दीपावली पर्व को लेकर रुनकता पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बना दिया है। शनिवार शाम कस्बा रुनकता के मुख्य चौराहे पर पुलिस द्वारा व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और करीब 25 वाहनों के चालान किए गए। चौकी प्रभारी निलेश शर्मा ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है।

उन्होंने कहा कि कस्बे व आसपास के इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस टीम ने चेकिंग के साथ क्षेत्र में पैदल मार्च भी किया, जिससे लोगों में सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की है। चौकी प्रभारी ने बताया कि त्योहार के दौरान यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रहे।