डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई विद्यालय प्रबन्ध समिति की बैठक


बहराइच। जिलाधिकारी/विद्यालय प्रबन्ध समिति अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सआदत इंटर कॉलेज नानपारा में प्रबन्ध समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उप जिलाधिकारी नानपारा/उपाध्यक्ष मोनालिसा जौहरी, तहसीलदार/प्रबन्धक रविकान्त द्विवेदी, प्रधानाचार्य अरविन्द कुमार मिश्र, समिति सदस्य आनन्द कुमार अग्रवाल सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान समिति के दो रिक्त सदस्य पदों पर सत्य प्रकाश गुप्ता एवं नरेश चन्द्र अग्रवाल के चयन, विद्यालय में अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र, इतिहास एवं अंग्रेज़ी प्रवक्ता पदों पर सहायक शिक्षकों की पदोन्नति तथा सहकारी बैंक नानपारा में जमा विद्यालय की धनराशि के आहरण पर विचार-विमर्श किया गया।
डीएम अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सदस्यों को साधारण सभा में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने पुरातन छात्रों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर उनके हाथों कायाकल्प कार्यों का लोकार्पण कराने के निर्देश भी दिए।
विद्यालय भूमि पर अतिक्रमण के संबंध में उप जिलाधिकारी नानपारा को पैमाइश कराकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षण स्टाफ को गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करने को कहा गया।