
नित्यानंद बाजपेयी
ब्यूरो, अमर भारती समाचार पत्र, लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी, 05 सितंबर। बाढ़ की तबाही से जूझ रहे गाँवों में चारों ओर पानी ही पानी है। सड़कें डूब चुकी हैं, पैदल चलना तो दूर साइकिल और बाइक भी बेकार हो गई हैं। ऐसे हालात में जब स्वास्थ्य सेवाएँ ठप पड़ने का खतरा मंडरा रहा था, तभी प्रशासन की पहल से नाव पर सवार स्वास्थ्य विभाग की टीम उम्मीद का सहारा बनकर पहुँची।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश और सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य टीम ने संकल्प लिया कि हालात चाहे जैसे हों, दवाएँ हर ज़रूरतमंद तक पहुँचेंगी। श्रीनगर और आज़ादनगर क्षेत्रों में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह, फार्मासिस्ट टी. रहमान और एनसीडी परामर्शदाता अंकित दीक्षित के नेतृत्व में नाव पर दवाइयाँ लादी गईं और टीम पानी से घिरे गाँवों तक रवाना हुई।
जैसे ही स्वास्थ्यकर्मी गाँव पहुँचे, लोगों के चेहरे पर राहत और उम्मीद की चमक लौट आई। टीम ने घर-घर जाकर दवाएँ उपलब्ध कराईं, ग्रामीणों की सेहत की जाँच की और उन्हें ज़रूरी परामर्श भी दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी है, ऐसे में नाव से आई दवाइयाँ हमारे लिए जीवनदान साबित हुई हैं।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा—
“बाढ़ जैसी विकट परिस्थिति में भी स्वास्थ्य सेवाएँ किसी हाल में बाधित नहीं होंगी। हर ज़रूरतमंद तक दवा और चिकित्सा सुविधा पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
वहीं सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार नावों के सहारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँच रही हैं, ताकि कोई भी मरीज दवा और इलाज से वंचित न रहे।