
लखीमपुर खीरी। जिले में जिला प्रशासन के तत्वावधान में सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस उत्साह, उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह एवं जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर धनंजय प्रसाद के साथ वीर नारियों, पदक विजेता पूर्व सैनिकों एवं वरिष्ठ भूतपूर्व सैनिकों को स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने अमर जवान स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने भारतीय सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व सैनिक देश के लिए प्रेरणा हैं और पूरे राष्ट्र को उन पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का राष्ट्र निर्माण एवं देश की सीमाओं की रक्षा में योगदान अतुलनीय है। देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों की वीरांगनाओं का समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
डीएम ने कहा कि पूर्व सैनिक दिवस वर्ष 2017 से प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन सेवानिवृत्त सैनिकों, सेवारत जवानों और समाज के बीच सौहार्द को मजबूत करने के साथ-साथ उन वीर नायकों को सम्मान देने के लिए समर्पित है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की और सर्वोच्च बलिदान दिया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर धनंजय प्रसाद ने बताया कि भारतीय सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा ओबीई वर्ष 1953 में 14 जनवरी को ही सेवानिवृत्त हुए थे। उनके योगदान के सम्मान में यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों (एनओके) तथा उनके कल्याण के प्रति समाज और शासन की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अतिथियों को श्रीअन्न से बनी कोदो की खिचड़ी, रागी का हलवा एवं अंकुरित मेथी का सलाद परोसा गया।