डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसियों पर छापेमारी, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त

लखनऊ। गैस सिलेंडर को लेकर फैल रही अफवाहों और संभावित कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देश पर बुधवार को शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर औचक छापेमारी की गई।
इस दौरान एडीएम सिटी सप्लाई डॉ. ज्योति गौतम अपनी टीम के साथ वाला कदर रोड स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर पहुंचीं और वहां गैस वितरण व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान एजेंसी के स्टॉक, वितरण प्रक्रिया और उपभोक्ताओं को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली गई।
एडीएम सीएस डॉ. ज्योति गौतम ने बताया कि जांच के दौरान सभी व्यवस्थाएं सामान्य पाई गईं और उपभोक्ताओं को आसानी से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी की जो अफवाहें फैल रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस की उपलब्धता को लेकर अनावश्यक घबराहट न फैलाएं।
Permalink: dm-lucknow-raid-gas-agency-black-marketing-check
Hashtags: #Lucknow #DMVishakhG #GasAgency #LPG #ADMJyotiGautam #UPAdministration #Raid