वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन गुप्ता ‘गुंजन’ को मिलेगा कबीर कोहिनूर अवार्ड – 2025

नागौर (राजस्थान) के बड़ी खाटू स्थित अखिल भारतीय कबीर मठ, सद्गुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान द्वारा आयोजित कबीर कोहिनूर सम्मान – 2025 समारोह में उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार, संपादक और वागीश्वरी काव्य निर्झरिणी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अर्जुन गुप्ता ‘गुंजन’ को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन 11 जुलाई 2025 को संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष भारत भूषण महंत डॉ. नानकदास जी महाराज के सानिध्य में होगा।

इस गरिमामयी समारोह में देशभर के चयनित पत्रकारों, साहित्यकारों, गायकों, शिक्षाविदों, पर्यावरण प्रेमियों व समाजसेवियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. अर्जुन गुप्ता ‘गुंजन’ हिन्दी साहित्य के बहुचर्चित कवि, निबंधकार, गीतकार, कथाकार और समालोचक हैं। वे “संचेतना के स्वर” नामक त्रैमासिक साहित्यिक ई-पत्रिका के संपादक भी हैं। उनके प्रकाशित काव्य संग्रहों में सुरमयी साँझ, नवोन्मेष, नीले गगन के तले शामिल हैं, जबकि गीत गाया पत्थरों ने शीघ्र प्रकाश्य है। डॉ. गुंजन ने आकाशवाणी इलाहाबाद के कार्यक्रम काव्य कौमुदि और टीवी चैनल “टेन न्यूज़ लाइव” में भी सहभागिता की है। उन्हें अनेक मंचीय और विश्वविद्यालय स्तरीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

कबीर कोहिनूर सम्मान – 2025 के लिए चयन की घोषणा होते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। सुप्रसिद्ध कवि, लेखिका और शिक्षाविद् हरप्रीत सिंह पुरी, शिवानंद सिंह सहयोगी, डॉ. उषा अग्रवाल जलकिरण, रीता गुगलानी, सुधा त्रिपाठी, शशि गुप्ता, रीना गुप्ता, वृजेश आनंद राय, अनुपम शुक्ला, सुरजीत सिंह, अन्नपूर्णिमा, डॉ. ज्योति कृष्ण, सविता सक्सेना सहित देश के अनेक साहित्यप्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।