गौतमबुद्ध-नगर में गरजे डॉ. संजय निषाद: 5 अप्रैल को नोएडा में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

लखनऊ। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने बृहस्पतिवार को जनपद गौतमबुद्ध नगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की।

कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी आज देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी दल के रूप में मजबूती से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी पार्टी कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हैं। उन्होंने इस गठबंधन की तुलना त्रेता युग में भगवान श्रीराम और महाराजा गुह्यराज निषाद के पवित्र मिलन से की।

चार बड़ी रैलियों का ऐलान, दो सफल आयोजन

गौरतलब है कि निषाद पार्टी द्वारा गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी में चार बड़ी सभाओं का ऐलान किया गया था। डॉ. निषाद ने बताया कि गोरखपुर और प्रयागराज में आयोजित सभाएं सफल रहीं, जिनमें हजारों की संख्या में मछुआ समाज के लोग शामिल हुए। इन सभाओं में आरक्षण, ताल-घाट, खनन-बालू, श्रेणी तीन की जमीन और पुराने अधिकारों की बहाली की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

मेरठ से गौतमबुद्ध नगर शिफ्ट हुई रैली

आगामी 5 अप्रैल 2026 को मेरठ में प्रस्तावित रैली को अब गौतमबुद्ध नगर में आयोजित किया जाएगा। इस बदलाव के पीछे ऐतिहासिक संदर्भ बताते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि दनकौर में महाभारत काल में वीर एकलव्य के साथ छल हुआ था, जो समाज के शोषण का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने भी इसी तरह मछुआ समाज के अधिकारों की अनदेखी की।

नोएडा इंडोर स्टेडियम में होगा शक्ति प्रदर्शन

5 अप्रैल को नोएडा इंडोर स्टेडियम में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर विशाल सभा आयोजित की जाएगी। इस सभा में निषाद पार्टी की पश्चिमांचल इकाई अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी और यह संदेश देगी कि पार्टी केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं है।

विभिन्न जातियों का मिल रहा समर्थन

मंत्री डॉ. संजय निषाद ने दावा किया कि पार्टी को मछुआ समाज की उपजातियों केवट, मल्लाह, बिंद, कहार, धीवर, कश्यप, तुरैहा, रायकवार सहित अन्य पिछड़ी जातियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ये सभी वर्ग पूर्व की सरकारों से उपेक्षित महसूस करते हैं और अब निषाद पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।

गुर्जर समाज की भी बड़ी भागीदारी

गौतमबुद्ध नगर में होने वाली इस रैली में गुर्जर समाज की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र डाढा समेत कई स्थानीय नेताओं के नेतृत्व में हजारों लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं इस पूरी कवायद के जरिए निषाद पार्टी ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी सक्रियता और जनाधार को मजबूत करने का संकेत दे दिया है। 5 अप्रैल की रैली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।